चंडीगढ़ में सीजीएचएस अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जाए: सत्य पाल जैन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने लिखी चिट्ठी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल में केंद्र सरकार के अस्पतालों की संख्या एक से बढ़ाकर पांच की जाए। यह बात पूर्व सांसद और एडिशनल सॉलिसिटर सत्यपाल जैन ने कही। जैन ने इस मामले को राज्यपाल की सलाहकार परिषद की पिछली बैठक में भी उठाया था। राज्यपाल ने उन्हें इस मामले को देखने का आश्वासन दिया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को लिखे एक पत्र में सत्य पाल जैन ने कहा कि चंडीगढ़ में लगभग 31 हजार केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं जो सीजीएचएस के अस्पताल से स्वास्थ्य सेवाएं लेने के पात्र हैं। इनमें रिटायर्ड तथा वर्तमान में सेवा कर रहे सभी तरह के कर्मचारी हैं। इनके लिए चंडीगढ़ में केवल एक ही अस्पताल है जो सेक्टर 45 में है। इसमें 20-25 कर्मचारी दिन-रात इन मरीजों की सेवा करने में लगे रहते हैं। जैन ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के लिए मात्र एक अस्पताल और 20-25 कर्मचारी काफी कम हैं। इनकी संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है।
जैन ने कहा कि 2003 में जब सुषमा स्वराज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री थीं तो वह चंडीगढ़ में ऐसे अस्पतालों की संख्या एक से बढ़ाकर 5 करने पर सहमत हो गई थीं। 2004 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने के बाद इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
जैन ने कहा कि जब पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के सभी नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने का भरपूर प्रयास किया है, ऐसे में यह जरूरी है कि चंडीगढ़ में भी केंद्रीय अस्पतालों की संख्या एक से बढ़ाकर कम से कम 5 की जाए ताकि वर्तमान और रिटायर्ड कर्मचारी इस स्कीम का पूरा लाभ उठा सकें।