पंचकूला। गोदाम बनाने के लिए 13 एकड़ जमीन बेचने के नाम पर 1.08 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेक्टर-7 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिंदर सिंह, सतवंत कौर, सुखदेव सिंह, बलजिंदर, वीरेंदर, मास्टर, देवेंदर, विजेंदर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता मुकेश कुमार निवासी सेक्टर-7 पंचकूला ने पुलिस को बताया कि उनसे कुल 1.08 करोड़ की पेमेंट लेने के बाद जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गई है। उन्होंने यह पैसे चेक के माध्यम से आरोपियों को दिए हैं। वह काफी समय से रायपुररानी में गोदाम बनाने के लिए जमीन देख रहे थे। जमीन उन्हें मुलखराज ने दिखाई। इसके बाद उसने जमीन के मालिक के बारे में पूछा तो मुलखराज ने बताया कि यह जमीन सरपंच वीरेंदर कुमार की है। इसके बाद मुलखराज ने सरपंच वीरेंदर, मास्टर और बलजिंदर से शिकायतकर्ता मुकेश कुमार की मुलाकात कराई। तीनों आरोपियों ने बताया कि जमीन का मालिक सुखदेव पिंजौर में रहता है।
जमीन के मालिक सुखदेव सिंह से आरोपी मास्टर, वीरेंदर ने शिकायतकर्ता मुकेश कुमार को मिलाया। सुखदेव से मिलने के बाद मुकेश को पता चला कि जमीन उनकी भाभी सतवंत कौर के नाम है। वह जमीन बेचना चाहते हैं। इस पर सौदा 1.08 करोड़ में तय हुआ। बयाने के दौरान उन्होंने 78 लाख रुपये दे दिए। 10 जुलाई को उन्होंने बयानों के कागजात बनवा लिए। कागजात बनवाने के बाद उन्होंने शिकायतकर्ता मुकेश कुमार से अपने निजी काम से सतवंत कौर ने पैसे की मांग की। इस पर उन्होंने पांच लाख रुपये उन्हें दिए। इसके बाद जमीन की जब तहकीकात की गई तो यह जमीन सतवंत कौर के नाम थी, लेकिन वह दूसरे नाम की महिला सतवंत कौर थी।