पलवल। पुलिस मुखबिरी के शक में 25 वर्षीय एक युवक की रविवार रात को हत्या कर दी गई। मृतक अपने बड़े भाई के साथ केएमपी एक्सप्रेस वे के समीप ढाबा चलाकर आजीविका चलाता था। दोनों भाइयों को चोरी की शिकायत पुलिस को देने के शक में धमकी मिल रही थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या के किसी भी आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिली। पोस्टमार्टम कार्रवाई के दौरान हथीन विधायक प्रवीण डागर भी अस्पताल पहुंचे।
डीएसपी रतनदीप बाली ने बताया कि गांव मंडकौला निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने छोटे भाई सोनू उर्फ शेरा के साथ केएमपी एक्सप्रेस वे के समीप अपने खेतों पर ढाबा चलाता है। उन्होंने चाय बनाने के लिए गांव निवासी भूपेंद्र को रखा हुआ है। रविवार रात को करीब नौ बजे सोनू घर चला गया। करीब 10 बजे भूपेंद्र बिना बताए कहीं चला गया। करीब साढे़ 10 बजे गाव निवासी योगेश, रवि, सुमित, विक्को व डोडी पांच-छह युवकों के साथ आए और कहा कि तुम दोनों भाइयों ने हमारी शिकायत पुलिस से की है, जिसका अंजाम तुम्हें भुगतना पड़ेगा। तेरा होटल बंद करवा देंगे। करीब सवा 11 बजे सोनू का फोन आया तो उसने कहा कि भूपेंद्र कहीं चला गया है। सोनू उसे ढूंढने के लिए घर से निकल आया, परंतु उसे भूपेंद्र कहीं नहीं मिला। सोनू बाइक पर आया तो उसने कहा कि भूपेंद्र को सुबह ढूंढ लेंगे, तू सीधा घर चला जा, क्योंकि गांव निवासी कुछ युवक धमकी देकर गए हैं। करीब साढ़े 11 बजे पीर वाले रास्ते से घर के लिए निकल गया। सोमवार सुबह गांव निवासी दीपक ने उसे फोन करके बताया कि सोनू पीर वाले रास्ते पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। उसने मौके पर जाकर देखा तो सोनू के शरीर पर चोट के निशान थे। रोहित ने शिकायत में आरोप लगाया कि गांव निवासी युवकों ने ही सोनू की हत्या की है, क्योंकि वे ही मुझे धमकी देकर गए थे। युवक अपराधी किस्म के हैं, जिनके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।