Torch procession will take out in the city today in support of Bharat Bandh
- फोटो : Palwal
पलवल। नई कृषि कानूनों के विरोध में अटोहां मोड़ पर आंदोलन कर रहे किसानों ने शुक्रवार को भारत बंद के संबंध में गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान होडल अनाज मंडी के आढ़तियों के साथ बैठक हुई। व्यापारियों ने आश्वासन दिया कि शनिवार को बाजार बंदकर भारत बंद का समर्थन करेंगे। इसके अलावा गांव पृथला, दूधौला और बंचारी में लोगों से भारत बंद में समर्थन करने की अपील की गई। शनिवार को शहरी क्षेत्रों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
किसान संघर्ष समिति के सदस्य मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, सोहनपाल चौहान, किसान सभा के नेता धर्मचंद घुघेरा, रूपराम तेवतिया और युवा किसान सोनू भुर्जा के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को होने जा रहे भारत बंद की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पलवल जिले में जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को शहर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस बस स्टैंड से शुरू होगा और पूरे शहर से होते हुए धरनास्थल तक पहुंचेगा। रविवार को गांव में मशाल जुलूस का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को 12 बजे तक दुकानों को बंद कराया जाएगा। इसके बाद आगामी रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों ने संघर्ष के दस माह पूरे होने पर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, कर्मचारियों, शिक्षकों, व्यापारियों आदि से भारत बंद को सफल बनाने की अपील की। किसान नेता रणजीत थानेदार और ताराचंद ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 27 सितंबर को भारत बंद सरकार की जनविरोधी तथा कारपोरेट परस्त नीतियों तथा उसकी तानाशाहीपूर्ण साजिशों के खिलाफ केंद्रित है। उन्होंने मांग की है कि सरकार फसल के पूरे दाम की गारंटी का कानून बनाए तथा खाद, डीजल, बिजली व सभी कृषि उपकरणों की बढ़ी हुई कीमतें कम की जाएं। किसान नेताओं ने नए श्रम कानूनों पर तुरंत रोक लगाने तथा बेलगाम बढ़ रही महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। धरने में किसान नेता बिधूसिंह, ज्ञानसिंह चौहान, नरेंद्र सहरावत, रमेश चंद सौरौत, श्री चंद अलावलपुर, धनीराम, समय सिंह, रणबीर सिंह, बीरसिंह, बुद्धि औरंगाबाद, शमशेर दलाल, ब्रजलाल चौहान, गोपी थानेदार, रणजीत और अच्छेलाल ने भी विचार व्यक्त किए।