बहलाकर फरीदाबाद से पलवल लेकर आया था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नाबालिग को बहलाकर एक युवक फरीदाबाद से पलवल ले आया और ओयो में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी के अनुसार, एक लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है कि पलवल निवासी सुमित उसे फरीदाबाद से बहला-फुसला कर अपने साथ पलवल ले आया। सुमित उसे ओमेक्स सिटी के निकट स्थित एक ओयो होटल में ले गया। आरोप है कि ओयो होटल में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की तो उसने विरोध किया। आरोपी युवक ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने परिजनों व पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी, परंतु उसने आरोपी के खिलाफ महिला थाना पलवल में शिकायत दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।