- परिवाद समिति की बैठक में मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने जन स्वास्थ्य व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए थे निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। परिवाद समिति की बैठक में अलीगढ़ रोड से जलभराव की समस्या को दूर करने के निर्देशों पर कोई काम नहीं हुआ। इससे लगता है कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री डॉ. बनवारी लाल के निर्देशों का अपने ही विभाग के अधिकारियों पर कोई असर नहीं है। सोमवार को परिवाद समिति की बैठक में मंत्री ने पूर्व विधायक रामरतन की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शाम तक समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे, परंतु मंगलवार दोपहर तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
दरअसल, अलीगढ़ रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। जलभराव इतना ज्यादा है कि स्थानीय निवासियों के साथ वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क से पैदल निकलने के लिए रास्ता नहीं है। दुपहिया वाहन चालक पानी में गिर जाते हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर बसी कॉलोनियों की पानी निकासी नहीं हो पा रही है, क्योंकि सड़क के साथ बनी मुख्य नाली बंद है। लोक निर्माण विभाग द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है, परंतु तब तक पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। अमर उजाला के समस्या के प्रकाशित करने के बाद अतिरिक्त उपायुक्त ने मौके का जायजा लेकर समस्या के समाधान का निर्देश दिया, परंतु समाधान नहीं हुआ।
सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित परिवाद समिति की बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री डॉ. बनवारी लाल के समक्ष पूर्व विधायक रामरतन ने मामले को उठाया था। इस पर मंत्री ने जन स्वास्थ्य व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शाम तक जल निकासी कराने के निर्देश दिए थे, परंतु उसके बावजूद भी पानी निकासी नहीं हो पाई। मंगलवार को अलीगढ़ रोड पर पानी भरा रहा।