साइकिल यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करते उपायुक्त
- फोटो : Palwal
पलवल। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की तीन टीमों सीएसएमटी, अकादमी टीकनपुर तथा एसटीसी की साइकिल रैली को उपायुक्त कृष्ण कुमार ने ‘भारत माता की जय’ उद्घोष के साथ पलवल के महाराणा प्रताप भवन से झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली सोहना-तावडू होते हुए बीएसएफ कैंप छावला पहुंचेगी।
साइकिल रैली का आयोजन देश के युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों की बहादुर कहानियों और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के गुमनाम नायकों द्वारा किए गए बलिदानों से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। देश भर में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत पूरे भारत में साइकिल रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बुधवार को प्रात: 6.30 बजे महाराणा प्रताप भवन से बीएसएफ की साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस साइकिल रैली में तीन टीमें, जिनमें प्रत्येक टीम में 15-15 सदस्य शामिल रहे। इन तीनों टीमों का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट जोरा सिंह ने किया। इनमें कुल 4 अधिकारी, 9 सब ऑर्डिनेटर्स तथा शेष 32 अन्य रैंक के जवान शामिल रहे। सीएसएमटी टीकनपुर टीम का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट अजीत सिंह ने किया। यह साइकिल रैली 23 सितंबर को झांसी से शुरू की गई थी। साइकिल रैली की दूसरी टीम अकादमी टीकनपुर का नेतृत्व सहायक समादेष्टा प्रशांत नागर ने किया। यह टीम गत 25 सितंबर को ग्वालियर से चली। एसटीसी टीकनपुर टीम की साइकिल रैली का शुभारंभ 22 सितंबर को मध्यप्रदेश के ओरछा से किया गया। इस अवसर पर डीएसपी यशपाल, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी पलवल के प्रशिक्षण अधिकारी महेश मलिक, लेखाकार अंजलि भयाना सहित अर्द्धसैनिक बल के अधिकारी, प्रशासनिक निरीक्षक वीर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।