संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दहशत फैलाने की नीयत से बाइक सवार युवकों ने आधी रात को मकान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद के खिलाफ आर्म्स एक्ट, फॉयरिंग करने व जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कैंप थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार राजीव नगर निवासी शिवा ने दी शिकायत में कहा है कि रात के करीब 11 बजे वह घर में अपने परिवार के लोगों के साथ सोया हुआ था। उसी दौरान उसे बाहर से गोली चलने की आवाजें आईं तो उन्होंने उठकर देखा। घर के बाहर एक बाइक खड़ी हुई थी और उसके पास तीन युवक खड़े थे, जो उनके घर की तरफ फायरिंग कर रहे थे। पीड़ित भागकर अपने मकान की छत पर गया और छत से गली में देखा तो तीनों युवक गोली चला रहे थे। जिनके नाम रावण, लोकेश व छोटा बनिया हैं, तीनों के हाथों में कट्टा थे और उनके मकान की तरफ गोलियां चला रहे थे। इतना ही नहीं आरोपी जोर-जोर से आवाज लगाकर गालियां देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग व धमकी से बुरी तरह डर गया। आरोपी जब मौके से धमकी देकर फरार हो गए तो उसने की सूचना किठवाड़ी पुलिस चौकी में जाकर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी विजयपाल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।