पानी निकासी के जल्द से जल्द प्रबंध करने के दिए निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। एसडीएम नूंह प्रदीप अहलावत ने बारिश के मौसम के चलते संंबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उपमंडल नूंह के विभिन्न गांवों में बरसाती पानी की निकासी के प्रबंधों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने गांगोली, दुबालू, छछेड़ा, किरा व बाजड़ाका आदि गांवों में बारिश के पानी की निकासी को लेकर दौरा कर वास्तविक परिस्थितियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जलभराव की निकासी के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण करने के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी निकासी के प्रबंध जल्द से जल्द सुनिश्चित हों ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने दुबालू माइनर के पास पंपसेट से पानी निकासी के लिए किए जा रहे प्रबंध को चेक किया। उन्होंने कहा कि इस पंपसेट से खेतों में भरे बरसाती पानी को जल्द निकाला जाए।
इस दौरान एसडीएम नूंह ने ग्रामीणों से बात करते हुए क्षेत्र में जलभराव की जानकारी ली व उनको आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से पानी की निकासी के लिए उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। बरसात के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था में प्रशासन मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी वाले क्षेत्रों व खेतों में जलभराव से निपटने के लिए व्यापक उपकरणों के साथ व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए सिंचाई, जन स्वास्थ्य, पंचायत विभाग व बिजली निगम के अधिकारी पूरी सजगता के साथ आपसी तालमेल बनाकर कार्य कर रहे हैं। बारिश से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हुए जलभराव की निकासी के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से कहीं पर भी जलभराव की स्थिति पैदा न हो और बरसाती पानी की निकासी तेज गति के साथ करवाई जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
फोटो कैप्शन : एसडीएम नूंह प्रदीप अहलावत पानी निकासी के संबंध में गांगोली गांव के लोगों से बात करते हुए।