पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र के गांव रहीमपुर में सरपंच पति ज्ञानेंद्र को तमंचा दिखाकर अपहरण करने की कोशिश की गई और विरोध करने पर रॉड से सिर फोड़ दिया। हमलावर बच्चों सहित जलाकर मारने की धमकी देकर गाड़ी से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी रामजीवन के अनुसार, रहीमपुर गांव निवासी ज्ञानेंद्र ने शिकायत दी है कि उसकी पत्नी गांव की निवर्तमान सरपंच है। 24 दिसंबर की शाम आठ बजे वह अपने प्लॉट पर मौजूद था। तभी जयप्रकाश, कपिल, रामेश्वर व उनके चार-पांच अन्य साथी कार व बाइक पर सवार होकर आए और प्लॉट के अंदर आकर यमुना पुल पर चलने की बात कही। पीड़ित ने यमुना पुल पर जाने से मना कर दिया तो तमंचा निकालकर उसके सिर पर लगा दिया और जबरन कार में डालने की कोशिश की गई। पीड़ित जैसे-तैसे लोगों के चंगुल से छूट दीवार कूदकर अपने घर जा पहुंचा। इसके बाद कपिल ने फोन कर कहा कि या तो घर से बहार निकल वरना गोली मार दूंगा और बच्चों सहित घर में आग लगा दूंगा। पीड़ित भय के कारण बाहर आ गया। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर रॉड से सिर पर हमला कर दिया और बच्चों सहित मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जांच अधिकारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को बुलाकर गहनता से जांच की जाएगी और आरोपी पाए जाने पर सख्त कार्रवाइ की जाएगी।