होडल। जिला उपायुक्त कृष्ण कुमार के आदेश पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने गांव डाडका के सरपंच के खिलाफ गांव के विकास कार्यों के करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर गबन करने के मामले में पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि जिला पलवल के अलावा खंड के विभिन्न गांवों में मनरेगा योजना में करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच चल रही है। खंड के गांव डाडका में करोड़ों रुपये का घोटाला सामने आया है, जिसपर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी द्वारा थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि जिला उपायुक्त कार्यालय से 6 दिसंबर 2020 को एक पत्र क्रमांक 5653 मिला जिसमें उन्हें आदेश दिया गया गांव डाड़का के तत्कालीन सरपंच असलम के खिलाफ एक करोड़ 11 लाख 5768 रुपये सरकारी पैसे का गबन किया है। पुलिस को दी शिकायत में बताया की इस राशि का 26,29,572 रुपये की राशि ब्याज की भी बन रही है। इस गबन के पैसों को वापस जमा करवाने के मामले में खंड विकास पंचायत कार्यालय द्वारा गांव के सरपंच असलम को कई बार नोटिस भेजें लेकिन न तो पैसे जमा कराए और न ही इस मामले में कोई विभाग को जवाब भेजा। सरपंच के जवाब नहीं मिलने के बाद में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेश कुमार ने थाना पुलिस को सरपंच के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की शिकायत दी है। इस बारे में थाना प्रभारी अनूप सिंह का कहना था पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है जल्दी जांच के बाद सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा।