पलवल। एयर वाइस मार्शल गांव छज्जूनगर निवासी लक्ष्मी नारायण शर्मा को भारतीय वायु सेना में उनकी विशिष्ट सेवाओं, कर्मठता व ईमानदारी के लिए अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दिया गया। जिला उपायुक्त कृष्ण कुमार ने लक्ष्मीनारायण को शुभकामनाएं दी हैं।
जिला उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि एयर वाइस मार्शल लक्ष्मी नारायण शर्मा के सम्मान ने पूरे जिले का नाम रोशन किया है। एयर वाइस मार्शल लक्ष्मी नारायण शर्मा के पिता ओमप्रकाश शर्मा एक किसान थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल व असावटा गांव के सरकारी स्कूल में पूर्ण हुई। उन्हें यह सम्मान मिलने से गांव छज्जूनगर सहित जिला पलवल के सभी लोगों में खुशी का माहौल है।
लक्ष्मी नारायण शर्मा के भाई रघुनंदन शर्मा ने बताया कि लक्ष्मी नारायण शर्मा एयर वाइस मार्शल के पद पर कार्यरत रहते हुए भी बहुत सहज और सरल व्यक्तित्व के व्यक्ति हैं। जिला पलवल व फरीदाबाद में भारतीय वायु सेना में इतने ऊंचे पद पर पहुंचकर उनके परिवार व गांव के लोगों को गर्व का अनुभव हो रहा है। लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि वह भी मेहनत के बल पर बुलंदियों को छू सकें।