फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टोल हटाने का विरोध कर रहे लोगों पर तानी पिस्टल, पूर्व विधायकों सहित आंदोलनकारियों को दी जान मारने की धमकी

विज्ञापन
धरना स्थल पर पिस्तौल दिखा धमकी देता आरोपी युवक - फोटो : Palwal
विज्ञापन
पलवल। गदपुरी में पलवल-फरीदाबाद के बीच लगाए जा रहे टोल के विरोध में शुक्रवार को चल रहे शांतिपूर्ण धरने में उस समय माहौल एकाएक गर्मा गया, जब एक युवक ने हाथ में पिस्तौल लहराते हुए लोगों को जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद आंदोलन कर रहे लोग गदपुरी थाना परिसर पहुंच गए तथा वहां धरने पर बैठ गए। लोगों ने थाना प्रभारी को चेेतावनी दी कि यदि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया तो बड़ा आंदोलन करेंगे। थाना प्रभारी द्वारा शाम तक आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोगों ने थाने में धरना समाप्त किया और टोल प्रबंधक द्वारा गुंडे भेजकर पिस्तौल दिखाकर धमकी दिलवाने के संबंध में 22 मई को टोल प्लाजा पर ही सर्वजातीय महापंचायत बुुलाने का निर्णय लिया।
विज्ञापन

गदपुरी में लगाए गए टोल के विरोध में पिछले एक माह से आंदोलन चल रहा है। इसके कारण तीन बार टोल प्लाजा पर धरना दिया जा चुका है तथा शुक्रवार को भी इसी कड़ी में टोल पर धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता गदपुरी टोल हटाओ संघर्ष समिति के संरक्षक ओम प्रकाश शर्मा एडवोकेट ने की, जबकि संयोजन समिति के संयोजक रतन सिंह सौरोत ने किया। धरने में पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा तथा रघुवीर सिंह तेवतिया, रेडक्रॉस सोसाइटी की पूर्व मानद सचिव शशि बाला, कामगार कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राकेश तंवर सहित पलवल व फरीदाबाद जिले के काफी लोग भी थे। जब धरने पर बैठे लोग आंदोलन को तेज करने पर चर्चा कर रहे थे, तभी एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर आया तथा आते ही धरने पर बैठे लोगों को पिस्तौल दिखाकर चेेतावनी दी कि यदि धरना खत्म कर टोल नहीं चलने दिया तो एक-एक को जान से मार देगा। जब तक धरने पर बैठे लोग समझ पाते, तब तक वह युवक वहां से चला गया। इसके बाद धरने पर बैठे नेताओं ने गदपुरी पुलिस थाना प्रभारी को फोन कर मामले की सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। समिति की तरफ से इस घटना की लिखित शिकायत थाना प्रभारी को दी गई तथा आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की गई। बाद में सभी एकजुट होकर थाने पहुंच गए तथा वहां धरना दिया।
इस दौरान पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि गदपुरी गांव पर लगे गैरकानूनी टोल प्लाजा को हटाने के लिए चल रहे शांतिपूर्वक धरने पर जो गुंडागर्दी की गई है, उसके खिलाफ 22 मई को सर्वजातीय महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस दौरान आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। दलाल ने कहा कि जिस तरह से गुंडागर्दी का परिचय दिया गया है, उससे हम डरने वाले नहीं हैं। जो लोग इस इलाके को कमजोर समझकर डराना चाहते हैं, वे अपने को बचाकर रखें। ऐसे गुंडों व उन्हें संरक्षण देने वालों का इलाज करना आता है। गदपुरी पर लगने वाला टोल पूर्ण रूप से गैरकानूनी है। टोल लगाने के लिए ना तो गदपुरी गांव की जमीन का अधिग्रहण किया गया और न ही गदपुरी पंचायत से कोई मंजूरी ली गई। बल्कि सरकार के साथ मिलकर इस पर टोल के नाम से बिजली का कनेक्शन भी दे दिया गया, जोकि गैर कानूनी है। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा से लगे आरोही मॉडल सरकारी स्कूल के विद्यार्थी और अध्यापकों पर भी इस टोल का असर पड़ेगा, जिससे उनकी शिक्षा में परेशानी आएगी और टोल पर लगने वाले जाम तथा यातायात से भी उनकी जान को खतरा बना रहेगा। इस संबंध में स्कूल के प्रधानाचार्य और खंड शिक्षा अधिकारी पलवल ने निदेशक शिक्षा विभाग को अर्जी लिखकर टोल हटवाने की अपील की है।
विज्ञापन

टोल प्रबंधक और आरोपी युवक के खिलाफ दी शिकायत
पिस्तौल दिखाकर धमकी देने वाले आरोपी मोनू और टोल प्रबंधक शहनवाज के नाम पर शिकायत दी गई है। शिकायत में कहा गया कि टोल प्लाजा इंचार्ज शहनवाज के इशारे पर मोनू नाम का आपराधिक प्रवृत्ति वाले युवक ने नशे की हालत में गैरकानूनी हथियार के साथ पुलिस प्रशासन के सामने धरने पर धमकी दी। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी अनिल कुमार ने आश्वासन दिया है कि शाम तक इस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अदालत में भी विचाराधीन है मामला
टोल हटाने के विरोध में गदपुरी गांव के लोगों ने जिला अदालत में याचिका दायर की हुई है। इस याचिका में टोल को अवैध बताते हुए गांव की पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। इस याचिका पर सुनवाई लंबित है तथा 21 मई को इस पर सुनवाई होनी है। इसके अलावा विभिन्न लोगों द्वारा टोल नियमों को लेकर आरटीआई मांगी हुई है, जिनका जवाब नहीं दिया गया है। इसके अलावा उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर करने के लिए पलवल व फरीदाबाद के वकील कागजात तैयार कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें