पलवल। पलवल अनाज मंडी में एक अक्तूबर से धान की खरीद को लेकर मार्केट कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली है। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को एफसीआई, मंगलवार व शनिवार को फूड एंड सप्लाई तथा बृहस्पतिवार को हैफेड धान की खरीद करेगी। मंडी से सभी द्वारों पर गेट पास देने की व्यवस्था की गई है। किसानों के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। किसानों के लिए पेयजल व शौचालय की उचित व्यवस्था की गई है। स्वच्छ पानी के लिए पांच वाटर कूलर लगाए हैं। मंडी में लाइटिंग की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। पूरी मंडी की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया है।
दरअसल, हर साल सितंबर के अंतिम सप्ताह में धान व बाजरा की खरीद शुरू हो जाती है। इस बार निरंतर हुई बारिश से धान की फसल की कटाई देरी से हो रही है। इसलिए एक अक्तूबर से धान की खरीद करने का निर्णय लिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी किए गए न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार सामान्य धान का रेट 1940 रुपये क्विंटल, जबकि ए ग्रेड धान का भाव 1960 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इस बार सरकार बाजरे की फसल की खरीद नहीं करेगी। सरकार ने इस बार बाजरे की फसल पर 600 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सब्सिडी देने का ऐलान किया है। सरकार ने बाजरे की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2250 रुपये प्रति क्विंटल रखा है। मंडी में बाजरे की फसल से 1650 रुपये प्रति क्विंटल आढ़तियों द्वारा खरीदी जा रही है। भावांतर भरपाई योजना के तहत किसान नुकसान पूरा करने के लिए सरकार मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज बाजरे पर 600 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी देगी।
सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत शुक्रवार से धान की सरकारी खरीद शुरू की जाएगी। खरीद एजेंसियों के दिन भी निर्धारित कर दिए गए हैं ताकि किसानों को फसल बेचने के दौरान कोई परेशानी न हो। किसानों से अपील है कि धान की फसल को सूखाकर मंडी में लेकर आए ताकि फसल में नमी की मात्रा न हो।
- नरवीर गहलौत, सचिव, मार्केट कमेटी पलवल