पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में विधवा महिला की नाबालिग बेटी का अपहरण करने वाले आरोपी सोहिल खान निवासी मध्य प्रदेश गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, आरोपी पलवल स्थित हरि नगर में रह रहा है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के अदालत में 164 के बयान दर्ज कराकर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोहिल खान अपने भाई साहिल खान की मदद से एक लड़की को बुर्का पहनाकर जबरदस्ती बाइक पर ले गया था। पीड़ित लड़की की मां के बयान पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 3 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज कराने के दौरान महिला ने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी का धर्म परिवर्तन करवाने के लिए अपहरण किया गया। आरोपियों से परेशान होकर महिला ने बच्चों सहित मकान बदला था। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों ने भी रोष जताया था।
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए सोहिल खान को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद कर लिया। इसके बाद नाबालिग को परिजनों के हवाले कर दिया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।