पलवल। चांदहट थाना इलाका स्थित पेट्रोल पंप पर नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक दिखाकर ढाई लाख रुपये लूट लिए। बंदूकों के साथ बदमाश फिल्मी अंदाज में पंप के अंदर घुस गए। सोते हुए कर्मचारियों को जगाकर उसे बंदूक दिखाई और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर लिया है।
सोलडा निवासी रोहित ने बताया कि वह वह श्रीगणेश फिलिंग स्टेशन बागपुर बंबू का नंगला पंप पर मैनेजर के तौर पर कार्यरत है। 25 नवंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे पंप पर दो युवक आए। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर पंप पर पेट्रोल डलवाने आए और मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। नकाबपोशों ने पंप पर मौजूद सेल्समैन रविन्द्र पुत्र रमेश चन्द निवासी सुनहरी का नंगला व नितेश पुत्र मेघराज निवासी गांव सोलडा से तेल डालने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि पंप बंद हो गया है अब तेल नहीं डलेगा। दोनों नकाबपोश पंप से वापस चले गए। इसके बाद दोनों वापस आए और पंप के अंदर सोए हुए कर्मचारियों को जगाया और बंदूक दिखाई। दोनों पंप कर्मचारी बंदूक देखकर डर गए और बंदूकधारी बदमाशों ने अलमारी तोड़ दी और उसमें रखे रुपयों को लूट लिया। लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। बदमाश पंप से ढाई लाख रुपये कैश लूट ले गए और पंप पर तोड़फोड़ करके फरार हो गए।
कर्मचारियों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि दोनों नकाबपोश आपसी बातचीत में वो एक दूसरे को संदीप व लब्नू कहकर पुकार रहे थे। पुलिस अधिकारी धर्मेंद्र ने बताया कि पंप पर बदमाशों ने बंदूक के बल पर ढाई लाख रुपये लूट लिए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई इसलिए पुलिस पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पंप के अलावा अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।