हथीन। समीपवर्ती ग्राम खाइका के कोयला व्यापारी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर छह लाख 57 हजार रुपये की चपत लगा दी गई। बहीन थाना पुलिस ने पीड़ित कोयला व्यापारी शमीम के बयान पर गुजरात के दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने एवं अमानत में खयानत करने का मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित व्यापारी शमीम ने बताया कि वह ईंट-भट्ठों पर कोयला सप्लाई का काम करता है। उसने कोयला खरीदने के लिए गुजरात भड़ौच के दो व्यापारियों से बात की। दोनों ने ट्रक के माध्यम से कोयला भेजने का वादा किया। उनके पास कोयला भेजने की बिल्टी आदि भेज दी। इस आधार पर उन्होंने उनके खातों में छह लाख 57 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। वे माल भेजने के नाम पर बहानेबाजी करते रहे। इस संदर्भ में बहीन थाना प्रभारी जोगेंदर सिंह ने बताया कि शमीम के साथ धोखाधड़ी 29 मार्च, 7 अप्रैल एवं 10 अप्रैल को की गई। इस आधार पर गुजरात के जय वधारी एवं सुरेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।