पलवल। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर वाहनों के अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा - एक
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार लुलवाड़ी गांव निवासी बिशन ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि वह केजीपी एक्सप्रेस-वे पर ठेकेदार के पास बतौर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। पीड़ित के पास लुलवाड़ी गांव निवासी सोनू और चांदहट गांव निवासी पप्पू बतौर हेल्पर काम करते थे। 17 अक्तूबर की शाम को छुट्टी होने के बाद सोनू व पप्पू बाइक पर हाईवे की तरफ आ रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक से गिरकर सोनू की मौत हो गई जबकि पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद पप्पू को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
हादसा - दो
हसनपुर निवासी संजय कुमार ने होडल थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसका भतीजा मनोज कुमार अपने साथी अवतार के साथ बाइक पर सवार होकर सौंदहद गांव से होडल की तरफ आ रहा था। जब वे बाबा लालदास पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो होडल की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने मनोज कुमार की बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मनोज व अवतार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपमंडल नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालात को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान पीड़ित के भतीजे मनोज कुमार की मौत हो गई।
हादसा - तीन
टप्पल थाना जेवर (यूपी) निवासी नवाब ने चांदहट थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसका साला फिरोज निवासी गौंछी (बल्लभगढ़) गत चार अक्तूबर को बाइक से अपने गांव जा रहा था। जब वह पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर संगम होटल के समीप पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने फिरोज की बाइक को टक्कर मार दी। चोटों के कारण फिरोज की मौत हो गई।
हादसा - चार
बघौला गांव निवासी किरण पाल ने गदपुरी थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि अनील कुमार (35) गांव स्थित सैफ एक्सप्रेस में गाड़ी पर बतौर चालक था। गत 18 अक्तूबर को वह अपने भाई अनील के साथ सोफ्ता गांव स्थित वर्लफूल कंपनी में आए थे। अनील हाईवे किनारे गाड़ी को खड़ा कर सड़क किनारे फुटपाथ पर खड़ा हो गया। उसी दौरान फरीदाबाद की तरफ से हरियाणा रोडवेज की बस आई और अनील को टक्कर मार दी। जिसमें अनील कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।