हथीन। बाईपास निर्माण के लिए अधिगृहीत की जा रही भूमि का मुआवजा किसानों को शीघ्र मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र यादव ने बताया कि 421 किसानों को 28 करोड़ रुपये मुआवजा वितरित होगा। बजट आ चुका है। राजस्व विभाग के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कर संबंधित किसानों के बैंक खातों में मुआवजा राशि स्थानांतरित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बाईपास के लिए करीब 42 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। हथीन की लगभग 29 एकड़, रींडका की साढ़े नौ एकड़ से अधिक एवं फिरोजपुर राजपूत की लगभग चार एकड़ भूमि का अधिग्रहण हो रहा है। फिरोजपुर राजपूत के छह, रींडका के 143 एवं हथीन के 272 किसानों से भूमि की जा रही है। फिरोजपुर राजपूत की भूमि का 58 लाख रुपये प्रति एकड़, रींडका की 50 लाख रुपये प्रति एकड़ एवं हथीन की भूमि का 75 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फोरलेन बाईपास सात किलोमीटर लंबा होगा। बाईपास के लिए 56 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। निर्माण बजट बढ़ भी सकता है। उल्लेखनीय है कि उक्त बाईपास निर्माण की स्वीकृति मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2015 में मंजूरी दी थी। अधिग्रहण प्रकिया में विलंब होने के चलते काम रुका रहा। अब अधिग्रहण प्रक्रिया को मंजूरी मिलने से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।