पलवल। शराब ठेके पर फायरिंग कर सेल्समैन से हजारों की नकदी व एक अन्य स्थान पर युवक से बाइक लूटने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों पर तीन नामजद व तीन-चार अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद के गांव आसाबाद निवासी शेर सिंह ने गदपुरी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका साथी सोनू गांव घनश्याम जिला मैनपुरी पृथला स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन हैं। बीते बुुधवार की रात पृथला गांव निवासी होटल मालिक संजय का नौकर संतोष ठेके पर उधार बीयर की पेटी लेने आया। पीड़ित ने बीयर देने से मना कर दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद पृथला गांव निवासी संजय, रोहित उर्फ बच्चा व किठवाड़ी गांव निवासी मुकेश तेवतिया बाइक पर सवार होकर आए और जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने सात-आठ राउंड गोलियां चलाईं। पीड़ित व उसके साथी ने नीचे झुककर जान बचाई। गोली ठेके के शटर से पार होती हुई दीवार में आकर लगी। गोलियों के चलने से ठेके में अंग्रेजी शराब की बोतलें टूट गई। इसके बाद आरोपी 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इसी प्रकार चिंतौली गांव जिला अल्मोड़ा उत्तराखंड निवासी दलीप ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह हरियाणा के रेवाड़ी जिले में किराए के मकान में रहता है। बुधवार को पीड़ित बाइक पर मथुरा से रेवाड़ी जा रहा था। केएमपी एक्सप्रेसवे पर गांव रजोलका के समीप तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसकी बाइक लूट ली।
दुकानदार पर हमला कर नकदी व सोने की चेन लूटी
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित दुकान के संचालक पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया गया। हमलावर दुकानदार से हजारों रुपये की नकदी व सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पलवल की भरत कॉलोनी निवासी रामबीर ने भवनकुंड चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आल्हापुर फ्लाईओवर के पास उसकी हरियाणा स्वीट्स के नाम से दुकान है। दो माह पूर्व बड़ौली गांव निवासी आरोपी दुकान पर आया और कहने लगा कि दुकान चलानी है तो 10 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से देने होंगे। पीड़ित ने रुपये देने से मना कर दिया। आरोप है कि बीती 22 जून को आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ आया और सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी जेब में रखे 32 हजार रुपये व गले से सोने की चेन लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार का कहना है कि जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। संवाद