फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खाद की किल्लत को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठे किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
होडल। क्षेत्र में खाद की समस्या को लेकर सोमवार को किसानों का गुस्सा भड़क गया। काफी संख्या में एकत्रित होकर महिला-पुरुष दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबचिक पर्यटन केंद्र के निकट पहुंच गए तथा राजमार्ग जाम कर सड़क पर धरना देकर बैठ गए। जिस कारण राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग दो घंटे तक लगे इस जाम के कारण राजमार्ग के दोनों तरफ सर्विस रोड भी जाम हो गया। जिसे पैदल निकलने का रास्ता भी पूरी तरह ठप हो गया। धरना दे किसानों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन

धरने पर बैठे किसानों का कहना था कि खेतों में बिजाई का समय चल रहा है और वह पिछले दो सप्ताह से खाद के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। दुकानों के बाहर पूरी पूरी रात खाद आने के इंतजार में बैठे रहते हैं, लेकिन समय पर खाद नहीं मिल पा रहा है। किसानों का आरोप था कि क्षेत्र की जनता के लिए खाद की किल्लत बनी हुई है, लेकिन कुछ लोग मंहगे रेटों पर खरीदकर यूपी ले जा रहे हैं। बाजार के निजी दुकानदार भी मंहगे रेटों पर खाद की बिक्री कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस मामले में पूरी तरह से आंखें मूंदे बैठा हुआ है। सुबह दस बजे से किसान राजमार्ग पर धरना देकर बैठ गए। 12 बजे तक किसानों से मिले कोई भी प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। यहां तक कि थाना प्रभारी, डीएसपी और एसडीएम भी मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके कारण किसानों का गुुस्सा और अधिक भड़क गया। बाद में किसानों ने सर्विस रोड को भी जाम कर दिया।
दो घंटे के बाद पलवल डीएसपी सतेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को शाम चार बजे तक खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। किसानों द्वारा लगाए गए जाम से भुलवाना से होडल और गढ़ी रोड पर भी घंटों तक वाहन फंसे रहे। राजमार्ग पर जाम खुलने के बाद भी इन सड़क मार्गों पर कई घंटों तक आमने सामने वाहन फंसे रहे। त्योहार के कारण सड़क मार्गों पर अन्य दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या काफी अधिक रही। अधिकांश वाहन जाम से बचकर जल्दी निकलने के चक्कर में भुलवाना रेलवे रोड व गढ़ी रोड पर फंसे रहे। इनके अलावा एंबुलेंस व दूसरे राज्यों के अधिकारियों के वाहन भी इसी जाम में फंसे रहे।
विज्ञापन

क्या कहते है अधिकारी
पलवल के डीएसपी सतेंद्र कुमार ने बताया कि इस बारे में एसडीएम व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत हुई हैं। अधिकारियों ने बताया है कि खाद की गाड़ी आज दिल्ली पहुंचेगी, जिसके बाद होडल में किसानों को खाद उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त कर दिया है। आगे से किसानों को खाद की समस्या नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें