संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नगर परिषद की लचर कार्यप्रणाली शहर वासियों पर भारी पड़ रही है। आलम यह है कि तीन माह से निरंतर शिकायत मिलने के बावजूद नगर परिषद पलवल द्वारा पुराना जीटी रोड स्थित एक नाली की सफाई नहीं कराई जा रही है। सफाई न होने से गंदा पानी दुकानों में भर जाता है। शिकायतकर्ता करीब सात बार समाधान शिविर में भी समस्या को लेकर शिकायत कर चुका है। मंगलवार को फिर शिकायतकर्ता ने लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में जिला उपायुक्त नेहा सिंह से मामले की शिकायत की तो उन्होंने नगर परिषद कर्मचारियों में लताड़ लगाई। उन्होंने मंगलवार शाम तक नाली की सफाई कराकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस दौरान नप के कार्यकारी अभियंता की अनुपस्थिति पर उपायुक्त नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यकारी अभियंता समाधान शिविर में मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करें। शिविर में अन्य स्थानों पर भी चरमराई सफाई व्यवस्था की शिकायत की गई। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र, पेंशन, जमीनी विवाद संबंधित शिकायतें भी रखी गईं। इनमें कुछ का समाधान किया गया तो कुछ में केवल समाधान का आश्वासन ही मिला। इससे लगता है कि समाधान शिविर केवल दिखावा साबित हो रहे हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर लघु सचिवालयों में प्रतिदिन समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में रोजाना दर्जनों शिकायतकर्ता पहुंच रहे हैं। इनमें कई चौकाने वाले मामले में भी सामने आए हैं।