हथीन। चेन्नई से बिलासपुर गुरुग्राम आ रहे कैरियर कंपनी के ट्रक से 35 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गया। यह घटना 24 सितंबर को घुड़ावली एवं उटावड़ गांव के मध्य में हुई। उटावड़ पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधि राकेश शर्मा के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि कपूर लॉजिस्टिक कैरियर का एक ट्रक चेन्नई से इलेक्ट्रॉनिक का करोड़ों रुपये का सामान लेकर बिलासपुर गुरुग्राम के लिए चला था। ट्रक पर शिकरावा गांव का राशिद ड्राइवर था। इस ट्रक में पूरा सामान नहीं मिला। पता चला कि ट्रक से गांव घुड़ावली एवं उटावड़ के बीच 35 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा लिया गया। इस मामले में ड्राइवर राशिद के अलावा उसके दो सहयोगियों इस्लाम जलालपुर एवं कादिर शिकरावा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, ड्राइवर बिलासपुर पहुंचने से पहले ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। कंपनी वालों ने ट्रक को खोजकर उसका जीपीआरएस चेक किया तो पता चला कि ट्रक में चोरी उटावड़ थाना क्षेत्र में हुई है।