हथीन। जिले में डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। हथीन उपमंडल में दो माह में 19 और होडल उपमंडल के गांव सौंदहद में चार बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा पलवल शहर में भी बुखार से करीब आधा दर्जन मौतें हो चुकी हैं। निजी अस्पताल बुखार के मरीजों से भरे पड़े हैं। निजी अस्पतालों के मुताबिक, पलवल जिले में डेंगू के 50 से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि, स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि पलवल में पिछले दो माह में डेंगू के नौ और मलेरिया के 3 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन क्षेत्रों के आसपास 50 घरों में लोगों के रक्त की जांच कराई गई। वहीं, करीब एक लाख, 60 हजार लोगों की मलेरिया जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। लगातार बढ़ रहे वायरल बुखार को देख स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है। विभाग द्वारा चिल्ली गांव में अस्थायी ओपीडी में दो डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। साथ ही वहां दवा स्टोर खोलकर लगातार मरीजों को दवाईयां दी जा रही हैं। गांव सौंदहद में भी रोजाना डॉक्टरों की टीम बुखार के मरीजों की जांच कर इलाज कर रही है।
पिछले दो माह के अंदर हथीन के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार से 19 मौतें हुई हैं। इनमें 11 मौतें सिर्फ गांव चिल्ली में हुई हैं। इसके अतिरिक्त गांव मलाई एवं खिल्लुका में भी दो-दो मौतें हुई हैं। वहीं, भीमसीका में भी एक मौत हुई है। हथीन शहर में भी कई मौतें हो चुकी हैं। गांव पचानका, गोहपुर, रूपडाका, उटावड़, गुराक्सर, खिल्लुका, मिठाका, पहाड़पुर, हुचपुरी, स्वामिका, मठेपुर ,मलाई, भीमसीका, चिल्ली में बुखार का प्रकोप ज्यादा है।
स्वामिका गांव निवासी एवं भाजपा नेता नवीन कुमार ने बताया कि बुखार आते ही मरीजों की प्लेटलेट्स कम हो जाती हैं। सरकारी में जाने की बजाय लोग निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। नवीन कुमार के परिवार में ही कई मरीज हैं। उनकी पत्नी रेखा एवं पुत्र हिमांशु निजी अस्पताल में भर्ती है। उनके गांव की मानवी, शुभम, अवनी, ज्योति, पूनम, कलवन आदि भी बुखार से पीड़ित हैं। गांव चिल्ली के निवर्तमान सरपंच नरेश कुमार ने बताया कि गांव में अधिकतर मौतें बुखार के बाद प्लेटलेट्स कम होने से हुई हैं। उन्होंने बताया कि चिल्ली में पिछले 10 दिनों से कोई मौत नहीं हुई है। लेकिन, 10 दिनों में बुखार के लगभग दो सौ मरीज सामने आ चुके हैं। मलाई गांव के समाजसेवी मोहम्मद जकरिया ने बताया कि गांव में दो मौतें बुखार से हुई हैं। अभी भी गांव के मरीज विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। खिल्लुका गांव के इमरान ने बताया कि उनके गांव में पिछले दो माह के अंदर दो मौतें बुखार से हो चुकी हैं। हथीन शहर में सभी 13 वार्डों में बुखार का प्रकोप बना हुआ है।
नगर पालिका चेयरमैन सुमित राजपूत ने बुखार के प्रकोप से लोगों को बचाने के लिए फॉगिंग एवं विशेष सफाई अभियान भी चलाया हुआ है। हथीन के प्रवर चिकित्सा अधिकारी विजय कुमार का कहना है कि मौसम बदलने पर मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।