पिनगवां के नजदीक दो युवकों के अपहरण का मामला सामने आया है। दोनों युवकों को छोड़ने की एवज में परिजनों से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई है। हालांकि इस बीच एक युवक बदमाशों के चंगुल से भागने में कामयाब हो गया। पिनगवां थाना पुलिस ने बदमाशों से बचकर भाग निकले युवक की शिकायत पर अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के गांव हसनपुर तिजारा के निवासी इमरान ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह और उसके चाचा का लड़का जुनैद पुन्हाना खंड के गांव झिमरावट में अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। रात करीब 9 बजे जब दोनों मोटरसाइकिल से झिमरावट गांव की ओर जा रहे थे, तो कस्बा पिनगवां के नजदीक करीब छह-सात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और देशी कट्टे के बल पर दोनों को पास में ही बने एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इमरान का कहना है कि आरोपियाें ने उनके पास से 1200 रुपये नगद, एटीएम कॉर्ड और बाइक लूट ली।
इसके बाद अपहरणकर्ताओं नेे उसके ही फोन से राजस्थान में उसके परिजनों से दोनों को छोड़ने की एवज में 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके एटीएम कार्ड का प्रयोग कर खाते से 2900 रुपये भी निकाले। फिरौती के लिए फोन करने के बाद से बदमाश उन्हें लेकर इधर-उधर स्थान बदलते रहे। इमरान ने बताया कि इस बीच तीन आरोपी जुनैद को कहीं और स्थान पर ले गए, जबकि दो-तीन उसके साथ रहे। इमरान के अनुसार गांव शाह चौखा के नजदीक वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित इमरान की शिकायत पर अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।