सीआईए पुलिस में कार्यरत दो पुलिसकर्मियों में 225 रुपये के लेन-देन को लेकर आपस में जमकर लात-घूंसे चले। दोनों पुलिसकर्मियों में विवाद मेस में खाना खाने के पैसे के भुगतान को लेकर हुआ। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
कैंप थाना एसएचओ इंस्पेक्टर सतीश कुमार के अनुसार सीआईए पलवल में ईएचसी के पद पर कार्यरत कृष्ण कुमार ने शिकायत दी है कि वह मेस (पुलिसकर्मियों का भोजनालय) का भी इंचार्ज है। सीआईए में ही राजू भी बतौर कांस्टेबल कार्यरत है। राजू से उसको मेस में खाना खाने के 225 रुपए लेने थे। उसने कई बार राजू से पैसे मांगे थे, लेकिन वह आजकल की कहकर टाल देता। शनिवार शाम उसने पैसे फिर से मांगे तो दोनों के बीच में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि राजू ने कृष्ण कुमार पर लात-घूंस बरसाए और गालियां दीं। एसएचओ सतीश कुमार के अनुसार कृष्ण की शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल राजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जा रही है।