पुलिस की अपराध जांच शाखा (सीआइए) ने टटलू गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश एक किसान को पांच लाख में सोने की ईंट देने का झांसा दे रहे थे। मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश भड़ाना के अनुसार एएसआई चंदन सिंह को गांव कलसाड़ा निवासी किसान हीरा ने सूचना दी थी कि फोन पर उसका किसी व्यक्ति से पांच लाख रुपये में सोने की ईंट का सौदा हुआ है। ईंट बेचने वाले लोगों ने हीरा को रेलवे रोड पर बुलाया था। जहां हीरा ने तीन हजार रुपये देकर उन्हें बातों में लगा लिया व चुपके से पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही टीम गठित की गई और मौके से जिला मेवात के पुन्हाना के गांव तिरवाडा निवासी तैय्यब व तौफीक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से नकली सोने की ईंटें, एक छैनी, एक हथौड़ी, एक बाइक व हीरा द्वारा दिए गए तीन हजार रुपये बरामद कर लिए। मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूर्व में की गई वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।