हथीन थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज कर लिया है।
एएसआई सतवीर सिंह के अनुसार, एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शनिवार की सुबह उसकी 15 वर्षीय बेटी शौच के लिए गई थी। वहां पहले से बैठे गांव के एक युवक ने उसे ज्वार के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीछे से पहुंचे लड़की के चाचा ने आरोपी युवक को देख लिया। आरोपी मौके से भाग गया। पीड़िता ने चाचा के साथ घर पहुंच कर आपबीती परिजनो को बताई।
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि वह घटना की शिकायत करने आरोपी के घर गए तो युवक के परिजनों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना से आहत पीड़िता ने शनिवार की रात को जहर खाकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी व उसके पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।