घर से मंदिर पर जाने की बात कहकर गए कंप्यूटर का कोर्स करने वाले छात्र का शव गांव असावटा फाटक के समीप रेलवे लाईन पर क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। वहीं एक अन्य घटना में एक अज्ञात महिला का शव भी बरामद हुआ।
एएसआई राजेंद्र सिंह के अनुसार उन्हें सूचना मिली की एक युवक का शव रेलवे लाईनों पर पड़ा हुआ है। मृतक की पहचान गांव असावटा निवासी 20 वर्षीय कृष्ण पुत्र महिपाल के रुप में हुई। परिजनों के अनुसार कृष्ण निजी इंस्टीट्यूट पर कंप्यूटर का कोर्स कर रहा था। बुधवार की शाम को वह मंदिर जाने की बात कहकर घर से गया था। पुलिस ने धारा-174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनो के हवाले कर दिया।
दूसरे मामले में बामनीखेड़ा-सोलाखां स्टेशन के बीच 21 वर्षीय अज्ञात महिला का शव कटी हुई अवस्था में रेलवे लाईन से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पहचान व पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। एएसआई वीरेंद्र कुमार के अनुसार मृतका ने गुलाबी रंग का कढ़ाईदार सूट व नीले रंग सलवार पहने हुए है। मृतका का रंग सांवला, कद करीब पांच फुट व एक हाथ में मेंहदी लगी हुई है।