कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यू एक्सटेशंन कॉलोनी में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। चाकूबाजी में एक इंजीनियरिंग छात्र सहित दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
कैंप थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी इंजीनियरिंग के छात्र नवीन ने शिकायत दी है कि रविवार को किसी बात को लेकर उसके भाई राहुल पुत्र श्यामसिंह का झगड़ा न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी राहुल पुत्र धर्मवीर के साथ हो गया था। जिसके बाद राहुल पुत्र धर्मबीर व उसके माता पिता ने नवीन के भाई राहुल को जान से मारने की धमकी दी थी।
शिकायत के अनुसार सोमवार की दोपहर नवीन अपने भाई राहुल व एक अन्य साथी राजू के साथ कॉलोनी निवासी राजू के घर से बाइक लेने गए थे। उसी दौरान मौका देख उन्हें राहुल पुत्र धर्मबीर ने अपने माता-पिता व दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घेर लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में नवीन के भाई राहुल पुत्र श्याम सिंह की चाकू लगने से मौके पर ही मौत हो गई और नवीन व उसका साथी राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। सूत्रों के अनुसार झगड़े में आरोपी पक्ष को भी चोटें आई हैं।
एसएचओ के अनुसार मृतक के परिजनों ने जो शिकायत दी है उसी आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले का खुलासा होने होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।