शहर के अंदर लूट की दो वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने ओम प्लाजा न्यू कॉलोनी निवासी सुनीता चौधरी से एसडीएम की कोटी के सामने से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में दो मोबाइल, एक घड़ी व 6200 रुपये नकद थे। पीड़िता निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। वारदात के समय वह अपने बेटे को लेकर स्कूल जा रही थीं।
वहीं, एक अन्य मामले में गांव घर्रोट निवासी सुग्रीव ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पृथला स्थित निजी कंपनी में काम करते हैं। 27 फरवरी की शाम वह कंपनी से छुट्टी के बाद घर जा रहे थे। इसी बीच गांव रायपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद तीन और युवक आ गए। आरोप है कि युवकों ने सुग्रीव से पर्स, एक मोबाइल व 18 हजार रुपये लूट लिए। दोनों मामले बुधवार के हैं।
वहीं, बुधवार को न्यू कॉलोनी के लोगों ने पार्षद प्रवीण ग्रोवर के नेतृत्व में कैंप थाना प्रभारी के खिलाफ जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। पार्षद का कहना है कि पुलिस की कार्यशैली खराब है। इस कारण ऐसी वारदात बढ़ रही हैं।