सरकारी अनाज में फर्जीवाड़े के आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में और भी फर्जीवाडों के मामलों के खुलासा होने की उम्मीद जता रही है। मामले के दूसरे आरोपी फूड सप्लाई विभाग के सब इंस्पेक्टर की तलाश में पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात मुंडकटी नाका पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ब्लैक में बिकने जा रहे 320 कट्टे गेंहू के जब्त किए थे। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक नगला अहसानपुर निवासी युसफ व फूड सप्लाई अधिकारी नितेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर चालक युसूफ को गिरफ्तार कर लिया था। जांच अधिकारी शिवचरण एएसआई के अनुसार आरोपी ट्रक चालक युसूफ को सोमवार को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया है।
उनके अनुसार आरोपी नितेश की तलाश में भी दबिश दी जा रही हैं, इसके अलावा एफसीआई गोदाम का रिकार्ड भी तलब किया गया है। उनके अनुसार जांच में और जो भी कोई दोषी पाया जाएगा, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।