रविवार दोपहर को बारात से लौट रहे शिक्षकों की कार एक नील गाय से टकरा कर पलट गई। हादसे में कार सवार एक शिक्षक की मौत हो गई व चार घायल हो गए। शिक्षक अपने एक साथी के भाई के विवाह समारोह में हिस्सा लेकर लौट रहे थे।
रविवार को उटावड़ निवासी शिक्षक सरफुद्दीन के भाई की गांव मठेपुर में बारात गई थी। उटावड़ के प्राथमिक स्कूल में कार्यरत शिक्षक राम नरेश, सोमबीर, रमेश, राजबीर व प्रवीन सुबह आई-20 कार में सवार हो बारात में गांव मठेपुर गए थे।
दोपहर बाद वह वापस आ रहे थे। स्वामीका गांव के नजदीक खेतों से अचानक नील गाय (रोज) कार के सामने आ गई, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। कार में बैठे पांचों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को हथीन की सरकारी अस्पताल में लाया गया, लेकिन वहां कोई चिकित्सक नहीं था। उन्हें आनन फानन में पलवल के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से भी पांचों को रेफर कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल सोमबीर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अन्य घायलों राम नरेश, प्रवीन, रमेश व राजबीर का पलवल के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।