शहर के सबसे पॉश क्षेत्र न्यू कालोनी में श्रद्धानंद पार्क के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी से तमंचे के बल पर उसकी कार लूट ली। घटना शनिवार शाम की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है। इसके अलावा एनएच-2 पर भी एक युवक से बाइक, नगदी व मोबाइल लूटी गई।
न्यू कालोनी शहर का सबसे पॉश इलाका है। जहां से कार लूटी गई है, वहां से मात्र 10 फुट की दूरी पर विधायक का निवास है। पास में ही पुलिस का नाका भी रहता है और पार्क में भी सुबह पांच बजे से लेकर रात्रि 12 बजे तक सैकड़ों लोग घूमते रहते हैं। ओमेक्स सिटी में रहने वाले प्रशांत गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपनी कार से न्यू कालोनी की तरफ से घर जा रहे थे। तभी श्रद्धानंद पार्क के समीप बाइक सवार तीन अज्ञात लुटेरों ने हथियार के बल उनसे गाड़ी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
शाम के समय जिस वक्त प्रशांत गर्ग से कार लूटी गई, उस समय वहां सैकड़ों लोग पार्क में तथा पार्क के बाहर रहते हैं। उसके बावजूद बदमाश आए तथा प्रशांत को हथियार के बल पर कार से बाहर निकालकर कार को लेकर फरार हो गए। केस दर्ज कर पुलिस बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है।
एक अन्य घटना में केशवपुर (मथुरा) निवासी ओमवीर ने शिकायत दी है कि दो जुलाई की रात को वह बाइक पर सवार होकर पलवल की तरफ से मथुरा जा रहे थे। एनएच-2 पर गांव तूमसरा स्थित टोल प्लाजा के समीप अज्ञात लुटेरे उनसे बाइक, 900 रुपये नगद, एक एटीएम कार्ड व एक मोबाइल फोन को लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
...