नेशनल हाइवे स्थित गांव बंचारी के निकट अल्टो गाड़ी में सवार चार बदमाश एक व्यक्ति से लाखों रुपयों की नगदी, मोबाइल फोन व सोने की अंगुठी लूटकर ले गए। बताया जाता है कि पीड़ित ने उन गाड़ी सवारों से होडल से लिफ्ट ली थी। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई रणबीर सिंह के अनुसार वार्ड नंबर 36 भूदेव कालोनी बल्लभगढ़ निवासी धर्मबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह घर से राजस्थान में भैंस खरीदने के लिए आया था। देरी हो जाने के कारण वह बेढ़ा पट्टी में अपने रिश्तेदार के यहां रुक गया। 16 अप्रैल की सुबह वह बल्लभगढ़ जाने के लिए बेढा पट्टी से हसनपुर चौक पर वाहन का इंतजार करने लगा।
तभी यूपी की ओर से आ रही एक अल्टो गाड़ी में सवार लोगों से उसने बल्लभगढ़ के लिए लिस्ट मांगी। जैसे ही गाड़ी गांव बंचारी के निकट पहुंची तो उन बदमाशों ने उससे रुपये लूटने का प्रयास किया। उसने बताया कि जब उसने उनका विरोध किया तो उन्होंने उसे जान से मारने धमकी देकर उससे एक लाख चौबीस हजार की नगदी, मोबाइल फोन व सोने की अंगूठी लूट ली और बदमाश उसे पास के खेतों में छोड़कर गाड़ी लेकर फरार हो गए। रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
---------------