समीपवर्ती गांव मिंडकोला में ट्रक में गो मास होने के शक के चलते गुस्साई भीड़ ने पथराव कर पांच पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। उत्तेजित लोगों ने ट्रक को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस संदर्भ में लोगों के खिलाफ आगजनी करने, हत्या का प्रयास करने सरकारी काम में बाधा डालने तथा नए गो रक्षा कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कई आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिए गए हैं।
एसएचओ दीपचंद के मुताबिक, एक ट्रक हापुड़ से मवेशियों के अवयव लेकर बारौटा सोहना फैक्ट्री की तरफ जा रहा था। गांव मिंडकोला के पास लोगों ने ट्रक रुकवा लिया तथा हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच तो गया लेकिन तब तक लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने ट्रक चालक व परिचालक को भीड़ से बचा कर काबू कर लिया। फायर बिग्रेड की गाड़ी से आग पर काबू पाया गया। भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया, जिसमें मिंडकोला चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी राहुल शर्मा व डीएसपी बलवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे व लोगों को समझाया। कई घंटों के प्रयासों के बाद उत्तेजित भीड़ पर काबू पाया जा सका।
जांच अधिकारी नानकचंद हुड्डा ने बताया कि ट्रक चालक मुबारिक, परिचालकों आसिफ व अजीज निवासी मालूका थाना बहीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पशुओं के अवयव के नमूने हिसार भेजे गए हैं।
ट्रक को आग लगाने, सरकारी काम में बाधा डालने तथा हत्या के प्रयास के मामले में गांव मिंडकोला निवासी शिब्बू, किशन, हरकेश, बूचा, तोता, रामचंद्र, तोता फौजी, पिंटू, जयपाल, धर्मेंद्र व नाहर सिंह सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।