शहर थाना पुलिस ने एक बैंक प्रबंधक को हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर पांच लाख रुपये की मांग कर रहे चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों में तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शहर थाना पुलिस के अनुसार एक बैंक में प्रबंधक की नौकरी करने वाले भगवान सिंह नामक व्यक्ति को बस स्टैंड चौक के नजदीक एक महिला मिली। प्रबंधक से बात करने के बाद महिला ने उसे शारीरिक संबंध बनाने का निमंत्रण दिया। शारीरिक संबंध बनाने के लिए महिला बैंक मैनेजर को भाटिया कालोनी स्थित एक मकान में ले गई। बताया गया कि शारीरिक संबंध बनाने के दौरान दो महिलाएं और दो व्यक्ति आ गए। उन्होंने जब उन्हें वहां अश्लील अवस्था में देखा तो बैंक प्रबंधक को पीटना शुरू कर दिया।
बैंक प्रबंधक को पीटने वालों ने महिला से कहा कि वह दुष्कर्म की शिकायत पुलिस को दे। बैंक प्रबंधक ने जब मामले को रफा-दफा करने की बात कही तो पांच लाख रुपये की मांग की। जिस पर उसने अपने एक साथी को फोन कर पांच लाख रुपये लेकर बस स्टैंड पर बुलाया। इस बीच बैंक प्रबंधक के साथी ने पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर बस स्टैंड पुलिस चौकी ने आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया। मामले की जांच के की जा रही है।