सीएम स्क्वॉड ने सोमवार को जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में छापे मारे। यह कार्रवाई सरकारी कार्यालयों में बाहरी व्यक्तियों को लगाकर सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा काम कराने की शिकायत पर की गई।
कार्रवाई उड़नदस्ते के फरीदाबाद डीएसपी दिनेश यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में इंस्पेक्टर सुभाषचंद, सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह, एएसआई सतबीर सिंह, महेंद्र सिंह व जिले सिंह, हवलदार प्रभु दयाल और शिव कुमार शामिल थे।
डीएसपी दिनेश यादव ने बताया कि सोमवार को फूड एंड सप्लाई कार्यालय में छापा मारा गया। यहां जांच से संबंधित रिकॉर्ड लिया गया और कार्यालय में बाहरी व्यक्तियों को चेक किया गया। इसके बाद एसडीएम कार्यालय में ऑनलाइन खिड़कियों को चेक किया गया। शिकायत मिली थी कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कार्यालय में दलाल सक्रिय हैं। इस दौरान खिड़की व लाइन में लगे लोगों परेशानी के बारे में भी बात की गई।
डीएसपी ने बताया कि इस दौरान किसानों की शिकायत पर होडल अनाज मंडी में आढ़तियों द्वारा निर्धारित फीस से अतिरिक्त पैसे लिए जाने के आरोप की भी जांच की गई। डीएसपी ने बताया कि जांच से संबंधित रिकॉर्ड उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।