अपने शहर के लोग भी संवेदनहीन हो गए हैं। बुधवार की देर शाम करीब सात बजे शहर के व्यस्त जीएच चौक पर कथित रोडरेज की घटना में बाइकों पर आए 10-12 युवक, कार सवार एक युवक को जमकर पीटते रहे। करीब आधे घंटे तक हथियारों से लैस युवकों की दबंगई चलती रही, लेकिन किसी ने भी उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया।
इतना ही नहीं यातायात को चलाने के लिए चौक पर तैनात तीन पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे। बाद में शहर थाने से आई पुलिस व पीड़ित युवक के परिजन मौके पर पहुंचे व घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रुप से घायल हुए युवक को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल शहर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
न्यू कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय भानुप्रताप बृहस्पतिवार की देर शाम करीब सात बजे अपनी कार से गुडगांवा की तरफ से आ रहा था। जीएच चौक पर लगे जाम में भानु की कार फंस गई। इसी दौरान पीछे से पांच छह बाइकों पर आए 10-12 युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने उसकी कार को भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया व उसे लाठी,डंड़ों व सरियों से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। लेकिन इस दौरान वहां खड़े व वहां से गुजर रहे सैंकड़ों लोगों में से किसी ने भी आरोपियों को रोकने या पीड़ित को बचाने का प्रयास नहीं किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी कह रहे थे कि कार सवार भानु पीछे सैक्टर-12 के समीप उनके एक आदमी को टक्कर मार कर आया है। लेकिन पीड़ित के चाचा जगत सिंह तेवतिया का कहना है कि यदि पीड़ित ने टक्कर मारकर किसी को घायल किया होता तो वे पहले घायल को अस्पताल ले जाते या फिर हमला करने के लिए हथियारबंद होकर पीछा करते। जगत का आरोप है कि लूट-पाट के इरादे से पीछा किया गया था, व भीड़ देखकर आरोपियों ने पीट-पीट कर घायल कर दिया।
-प्रथम दृष्टया मामला रोडरेज के चलते झगड़े व मारपीट का लग रहा है। पुलिस फिलहाल संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही है। अज्ञात 10-12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। जांच के बाद ही मामले पर कुछ बताया जा सकेगा।
-संतोष कमार, एसएचओ, थाना पलवल शहर।