सदर थाना क्षेत्र के गांव जनौली में खेत से एक युवती का शव बरामद हुआ है। मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है व उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतका के सिर, चेहरे व शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को शिनाख्त व पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
एडिशनल एसएचओ सब इंस्पेक्टर देशराज के अनुसार रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी गांव जनौली में रेलवे फाटक के दूसरी पार जंगल में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास भी किया, लेकिन शव की कोई पहचान नहीं हो पाई।
एसआई देशराज के अनुसार संभवत: कहीं और हत्या कर शव को खुर्द बुर्द करने के लिए यहां डाला गया होगा। मृतका की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर भी चोट पहुंचाई गई है। उनके अनुसार मृतका का कद करीब पांच फीट, रंग साफ व गठीला बदन है। मृतका ने नीले रंग की जींस व काली छींटदार सफेद टॉप पहना हुआ है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव के शिनाख्त का प्रयास कर रही है।