25 महिलाओं को वितरित किए फ्री रसोई गैस कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। कृष्णा कालोनी में शनिवार को उज्जवला योजना के तहत 25 महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए गए। ये कनेक्शन महिलाओं को निशुल्क दिए गए। गैस कनेक्शन मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला और नगर परिषद की चेयरपर्सन इंदू भारद्वाज द्वारा वितरित किए गए। इस अवसर पर पार्षद धर्मवीर राणा व रणदीप भड़ाना भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को घरेलू रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए उज्जवला योजना शुरू की। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना पैट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से चलाई जा रही है। दीपक मंगला ने कहा कि देश की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना हर पल देश के नाम किया हुआ है। प्रधानमंत्री ने गरीब परिवार की महिलाओं को चूल्हे से निजात दिलाने के लिए उज्जवला योजना शुरू की। योजना के तहत देश भर में बीपीएल परिवार के लाभार्थियों को निशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के कुशल नेतृत्व में पलवल जिला में भी बीपीएल परिवार के लोगों को उज्जवला योजना के अंतर्गत गैस सिलिंडर वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। लोगों को पूर्व की सरकारों व वर्तमान भाजपा सरकार में किए गए विकास कार्यों की तुलना करनी चाहिए। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास को लेकर कार्य कर रही है। पलवल जिला के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।