पलवल। अलग-अलग स्थानों पर हुई रेल दुर्घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने पहचान और पोस्टमार्टम के लिए शवों को पलवल के नागरिक अस्पताल में भेज दिया है। रेलवे पुलिस में कार्यरत एएसआई चंद्रपाल ने बताया कि बुधवार की दोपहर उन्हें सूचना मिली कि होडल के गांव भुलवाना स्थित फाटक पर रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतक ने लाल रंग का सूट पहना हुआ है।
वहीं पलवल जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े 9 बजे उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि पलवल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नम्बर 5 पर ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जिसके हाथ की कलाई पर राजीव व जेएस लिखा हुआ है और तीसरे मामले में 29 अगस्त को पलवल रेलवे स्टेशन नंबर 3 पर रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक ने नीली चैक की कमीज व आसमानी रंग का पजामा पहना हुआ है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।