पलवल में आजादी की वर्षगांठ वर्ष मनाने के निकाली गई साइकिल रैली को झंडी दिखाते जिला शिक्षा अधिकार?
- फोटो : Palwal
पलवल। जिला प्रशासन और जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा शुक्रवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया गया। इस दौरान साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में करीब 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष को ‘अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। युवाओं का राष्ट्र के निर्माण में अहम योगदान रहता है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च से विभिन्न कार्य दिवसों पर स्कूली बच्चों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। जिले के सभी स्कूलों में इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ‘अमृत महोत्सव’ के तहत ही शुक्रवार को जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा हाईस्कूल और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं करवाई गई। इसमें ‘देश हुआ आजाद, अब स्वतंत्र सोच की बारी है एवं हर मन का उत्सव, आजादी का अमृत महोत्सव, आजादी ले आए तुम, आजादी से प्यार करो आदि विषयों पर छात्रों ने अपना लेखन कौशल प्रस्तुत किया।
सहायक परियोजना संयोजक समग्र शिक्षा (पलवल) हरिंद्र चौहान ने बताया कि 16 मार्च को सम्मेलन होगा। जिसकी विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी मैरी मसीह भी मौजूद थीं।