फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किशोरों के टीकाकरण के लिए स्कूलों में लगेंगे शिविर

विज्ञापन
हथीन के गांव कोट में टीका लगवाने को जागरूक करते आयुष विभाग की टीम - फोटो : Palwal
विज्ञापन
पलवल। देश में बढ़ते कोरोना के मामलों ने फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में खतरे को टालने के लिए केेंद्र सरकार की तरफ से तीन जनवरी से 15-18 साल के बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली है। इसके अलावा स्कूलों में शिविर लगाकर भी किशोरों को वैक्सीन लगाई जाएगी। टीके सोमवार को सुबह 9 बजे केंद्रों पर पहुंच जाएंगे। टीका लगाने के लिए स्टाफ की भी नियुक्ति कर दी गई है।
विज्ञापन

कोरोना टीकाकरण अभियान के इंचार्ज डॉ. योगेश मलिक ने बताया कि किशोरों को तीन जनवरी से टीका लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। पलवल जिले में जिला नागरिक अस्पताल के अलावा सभी उपमंडल, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा जिला शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूलों में पढ़ने वाले सभी 15 से 18 साल के किशोरों को स्कूलों में शिविर लगाकर टीके लगाए जाएंगे। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे 15 साल से अधिक बच्चों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं तथा स्कूलों में जाकर टीका अवश्य लगाएं। यह अभियान पांच दिन तक लगातार चलेगा।
करीब 60 हजार को लगेगा टीका
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में करीब 59840 किशोरों को सोमवार से टीका लगाया जाएगा। यह आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सरकारी व निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों से लिए गए हैं। वहीं प्रशासन द्वारा सर्वे के माध्यम से लिया गया है। जिन किशोरों को टीका लगाया जाएगा, उन्हें व उनके परिजनों को इसके लिए जानकारी उपलब्ध कराकर टीकाकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है।
विज्ञापन

1160 किशोरों ने ही कराया रजिस्ट्रेशन
टीका लगवाने के लिए आनलॉइन रजिस्ट्रेशन रविवार देर शाम तक केवल 1160 किशोरों ने ही कराया है। कम रजिस्ट्रेशनों को देख स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक कर सरकारी व निजी स्कूलों में तीन जनवरी से लगातार पांच दिन तक प्रतिदिन टीकाकरण शिविर लगाकर लक्ष्य भी तय कर दिया है। जिले के 180 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 9वीं से 12वीं तक के किशोरों को पांच दिन के अंदर टीका लगाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों को बंद करने के निर्देश के बावजूद जिन किशोरों को टीका लगाया जाना है, उन्हें स्कूल मुखियाओं के माध्यम से स्कूल में टीका लगवाने के लिए बुलाया जाएगा, ताकि सभी किशोरों को टीका लगाए जा सकें।
तीन दिन में मिले 3 नए संक्रमित
पलवल जिले में पिछले तीन दिन में कोरोना के नए तीन मरीज भी मिले हैं। इनमें एक मरीज 31 दिसंबर को तथा एक मरीज एक जनवरी को मिला है। जबकि एक मरीज की पुष्टि रविवार को हुई है। इन तीनों संक्रमितों को घरों के अंदर ही आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। साथ ही रिपोर्ट आने तक उन्हें क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
उपायुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर कोविड-19 से बचाव और किसी भी प्रकार की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इनमें राज्य स्तरीय नंबर के साथ जिला स्तर के हेल्पलाइन नंबर भी शामिल हैं। स्टेट हेल्पलाइन नंबर-8558893911 तथा हेल्थ डिपार्टमेंट हेल्पलाइन नंबर-01275-240022 एवं 108 नंबर पर सहायता ली जा सकती है। साथ ही जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर-01275-298051 व 01275-248901 पर भी हर संभव मदद के लिए संपर्क किया जा सकता है।
जिले में 6 टीमें कर रहीं जागरूक
उपायुक्त के निर्देश पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहम्मद कमर के नेतृत्व में जिले के गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आयुष की टीम ने हथीन के गांव कोट में जागरूकता अभियान चलाकर खासकर बुजुर्गों और किशोरों से टीका लगवाने की अपील की। विभाग ने गांवों में जागरूकता लाने के लिए 6 टीमें गठित की हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें