पलवल। सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप के निर्देशानुसार नागरिक अस्पताल पलवल में बर्न वार्ड स्थापित किया गया। डॉ. ब्रह्मदीप ने बताया कि दिवाली पर्व को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग भी अपनी तैयारियों में जुट गया है। इसके तहत दिवाली के दौरान हर साल होने वाली आग लगने व अन्य दुर्घटनाओं को देखते हुए नागरिक अस्पताल में ही अलग से बर्न वार्ड बना दिया गया है। इसमें जरूरत के मुताबिक जलने व अन्य तरह से घायल मरीजों को भर्ती किया जाएगा। दिवाली के अवसर पर हर साल बड़ी संख्या में लोग पटाखों की चपेट में आकर घायल होते हैं।
खासतौर पर दिवाली के अगले दिन अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। इसके दृष्टिगत जिला स्वास्थ्य विभाग ने अग्रिम तैयारी करते हुए नागरिक अस्पताल में 1 वार्ड बनाया है। नागरिक अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में कुछ अतिरिक्त बेड लगाकर बर्न वार्ड बनाया गया है। हर साल की तरह इस बार भी दिवाली को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने अपनी तरफ से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं और आपात स्थिति के लिए डॉक्टरों की भी पर्याप्त व्यवस्था कर दी गई है। इस मौके पर एमएस डॉक्टर लोकवीर, एसएमओ डॉक्टर अजय माम उपस्थित रहे।
पटाखों की बिक्री पर हो सकती है जेल
शहर में पटाखे बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद अगर कोई पटाखे बेचता मिला तो उसे जेल होगी। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिवाली से लेकर नए वर्ष की पूर्व संध्या तक पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप ने सभी से अपील करते हुए कहा कि जिले में आकस्मिक प्रदूषण के कारण लोगों की सुरक्षा को खतरा है। नए साल की पूर्व संध्या तथा अन्य आपात स्थिति की आवश्यकता को देखते हुए यह एक पक्षीय आदेश पारित किए गए है। यह आदेश तहसील, सार्वजनिक स्थानों और पुलिस स्टेशन पर भी अंकित करवा दिए गए हैं।