पलवल। भाजपा द्वारा पलवल में मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा मंडी धर्मशाला से शुरू होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल स्टेडियम में स्थित शहीद स्मारक पर संपन्न हुई। यात्रा का नेतृत्व पलवल के विधायक दीपक मंगला ने किया। इस अवसर पर हथीन के विधायक प्रवीण डागर भी मौजूद थे। यात्रा में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ-साथ काफी संख्या में शहर के लोग भी जुड़े रहे।
तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले भाजपा नेता व कार्यकर्ता कमेटी चौक पर स्थित मंडी धर्मशाला के पास एकत्रित होना शुरू हो गए थे। यात्रा मंडी धर्मशाला से शुरू होकर कमेटी चौक, पुराने जीटी रोड, मीनार गेट, पुराने सोहना मोड़, न्यू सोहना मोड़, आगरा चौक से होते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के अंदर से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल स्टेडियम में पहुंची। वहां बने हुए शहीद स्मारक स्थल पर यात्रा का समापन करने के बाद शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा 15 अगस्त तक देश व प्रदेश के सभी जिलों में निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों ने अपना जीवन बलिदान कर दिया। देश की सरहदों की रक्षा करने में सेना के जवान दिन रात अपने कर्तव्य का निर्वाह करते हैं। जबकि हम अपने घरों में रहकर होली, दीपावली, ईद, प्रकाश पर्व त्योहारों को खुशी से मनाते है। उन्होंने कहा कि शहीदों को हर रोज याद करना चाहिए। आने वाली युवा पीढ़ी शहीदों का स्मरण करके उनके बताए गए रास्तों पर चलें।
इस अवसर पर विधायक प्रवीण डागर, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, जिलीध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पवन अग्रवाल, राजेश शर्मा, वीरपाल दीक्षित, डॉ. हरेंद्र पाल सिंह राणा, हरेंद्र तेवतिया, बिंदु ढकोलिया, प्रवीण ग्रोवर, मोहित गोयल आदि ने भी अपने विचार रखे।