संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 गांव बघौला के समीप अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच सवारियां घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गदपुरी थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
गदपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजवीर सिंह के अनुसार फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 31 दिसंबर रविवार को उसका भाई रोहित अपने दोस्त करण, कुणाल, आनंद, बादल व करण सिंह के साथ पलवल में आयोजित जागरण में शामिल होने गया था। सभी ऑटो में सवार थे। रास्ते में गांव बघोला के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर अचानक कुत्ता सामने आ जाने से ऑटो अनियंत्रित हो गया। हादसे में ऑटो सवार सभी सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों द्वारा घायलों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य सवारियों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। जांच अधिकारी सुशील के अनुसार मामले में भादंसं की धारा 174 की कार्रवाई की गई है।