पलवल। आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियन की हड़ताल 57वें दिन भी जारी रही। बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लघु सचिवालय स्थित पार्क में एकत्रित हुईं और धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता उर्मिला रावत ने की और संचालन कमला देवी ने किया।
प्रदर्शन में हथीन खंड प्रधान विमलेश चौहान व मकीना ने कहा कि आंगनबाड़ी की हड़ताल को दो महीने पूर होने को हैं, लेकिन सरकार तरह-तरह के बहाने बनाकर हड़ताल को लंबा खींचना चाहती है। हरियाणा सरकार ने 24 जनवरी को कार्यकर्ताओं के बारे में अलग-अलग राज्यों के मानदेय के आंकड़े देकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की है जो सही नहीं है हरियाणा सरकार दावा कर रही है कि देश में हरियाणा सरकार का मानदेय देने में दूसरे नंबर पर है, जबकि आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा सरकार दूसरे नंबर पर नहीं पांचवें नंबर पर है। मुख्यमंत्री ने छह मार्च 2018 को विधानसभा में घोषणा की थी कि कार्यकर्ताओं को सरकार की आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत ठेका कर्मचारी की तरह कुशल और अर्ध कुशल की श्रेणी की मान्यता देकर उनके बराबर मानदेय मिलेगा तथा इसे महंगाई भत्ते के साथ जोड़ा जाएगा, केवल एक बार महंगाई के साथ जोड़कर महंगाई भत्ता दिया गया है। उसके बाद हरियाणा सरकार ने महंगाई भत्ता बंद कर दिया। कर्मचारी संगठन मांग कर रहे हैं की हरियाणा सरकार अपनी मानी हुई मांगों को लागू करें और यदि सरकार ने छटनी और मामले दर्ज करने के आदेश दिए तो सर्व कर्मचारी संघ कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग व समर्थन करेगा। सभा को माया देवी, परसंदी, सुनीता, मकीना, सीमा, रेखा ने भी संबोधित किया।