हथीन में मरीजों की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Palwal
हथीन। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रविवार को भी बुखार प्रभावित तीन गांवों में ओपीडी सेवाएं जारी रखीं। स्वास्थ्य द्वारा की गई जांच में गांव चिल्ली, छांयसा और रूपडाका में बुखार के 39 नए मरीज मिले, जिनके सैंपल लैब में भेजे गए हैं। सभी मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रवर चिकित्सा अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि रविवार को गांव छांयसा में ओपीडी में कुल 32लोग आए, जिनमें से बुखार के 13 नए मरीज मिले। 5 वयस्कों और 8 बच्चों में बुखार के लक्षण मिले। 8 लोगों की प्लेटलेट्स जांच के लिए सैंपल लिए गए, वहीं डेंगू की जांच के लिए 4 मरीजों के सैंपल लैब भेजे गए। यहां 92 लोगों को कोरोना के टीके भी लगाए गए। वहीं, चिल्ली गांव की अस्थायी ओपीडी में 22 लोग आए, जिनमें से बुखार के 13 नए रोगी मिले। उन्होंने बताया कि इन गांवों में फॉगिंग का कार्य भी निरंतर जारी है। रूपडाका गांव में कुल 16 लोग जांच के लिए आए, जिनमें बुखार के 13 नए मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित गांवों में घर-घर थर्मल स्क्रीनिंग जारी है।
एसडीएम ने मालपुरी का किया दौरा
हथीन के एसडीएम लक्ष्मीनारायण ने रविवार को बुखार प्रभावित गांव मालपुरी का दौरा किया। ग्रामीणों ने उन्हें अवगत कराया कि गांव में गंदा पानी आ रहा है, जिससे बीमारी फैल रही है। उन्होंने मौके पर जाकर चैंबर का भी निरीक्षण किया और पानी के सैंपल लिए। उन्होंने ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक करते हुए कहा कि वे गांव में गंदगी न फैलाएं, अपने आसपास कूड़ा और गंदा पानी एकत्र न होने दें। क्योंकि, गंदगी से ही बीमारियां फैलती हैं। उन्होंने बताया कि गांव में अब स्थिति सामान्य है। पानी की जांच कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सेवाएं दे रही है। एक एंबुलेंस भी इमरजेंसी के लिए उपलब्ध करा दी गई है। गांव की साफ-सफाई के लिए पंचायत विभाग को आदेश जारी कर दिए गए हैं। सोमवार से कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करेंगे।