होडल। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कस्बा हसनपुर के एसडीओ ने बकाया बिल उपभोक्ताओं से वसूली के लिए बड़ा कदम उठाया है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी बिल जमा नहीं करने वाले करीब 330 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश जारी किए है। उन्होंने यह कदम विभाग के आला अधिकारियों के दिशा निर्देश पर दिए है। कार्यवाही में 58 लाख रुपये के 111 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाने से अन्य बकायादारों में हड़कंप मच गया। वहीं 55 उपभोक्ताओं ने बिजली कार्यालय पहुंचकर करीब आठ लाख रुपये की राशि जमा कराई। बिजली निगम के लिए एक दिन में जमा होने वाली यह सबसे बड़ी राशि है।
कस्बा हसनपुर उपमंडल कार्यालय का करीब एक करोड़, 21 लाख, 23 हजार 884 रुपये बिजली के बिल को 330 उपभोक्ता दबाए बैठे हैं। बिजली निगम इस राशि को जमा कराने के लिए कई बार अभियान भी चला चुका है। कई उपभोक्ता बिल जमा कराने के प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं हैं। बिजली निगम के अधिकारी समय-समय पर बकाया राशि वसूलने के लिए उपभोक्ताओं को नोटिस भी देते हैं।
एक करोड़ 21 लाख का बिल वसूलने का जिम्मा कर्मचारियों पर
विभाग के एसडीओ बिजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजली निगम दिसंबर माह में विशेष वसूली अभियान चलाने की योजना बनाई। शनिवार को बिल जमा कराने के लिए काउंटर खोला गया। वसूली अभियान के लिए जेई व फोरमैन के नेतृत्व में 36 लोगों की टीमें बनाकर अलग-अलग इलाकों में उतारी गई हैं। जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया हैं, उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर मीटर उतार लिए गए हैं। ऐसे लोगों पर बिजली निगम के अधिकारियों की विशेष नजर है उनके यहां छापे मारने भी शुरू किए जाएंगे।
20 हजार रुपये से अधिक बकाया पर कटेगा कनेक्शन
किसी बिजली उपभोक्ता पर 20 हजार रुपये से अधिक का बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। बिजली निगम के अधिकारियों ने बिजली बिल जमा न कराने वाले ऐसे उपभोक्ताओं को दो दिन का अतिरिक्त समय दिया है। बिजली बिल जमा करने में कई लोगों को अपने कार्यालय से छुट्टी न मिलने व काम में व्यस्त होने के कारण दिक्कत आती है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए हसनपुर बिजली निगम ने शनिवार को भी बिल जमा कराने के काउंटर खोलने की व्यवस्था की है। दिसंबर माह में सभी शनिवार को भी काउंटर खोले जाएंगे, ताकि लोग बिल छुट्टी के दिन जाकर भी जमा करा सकें।एसडीओ ने बताया कि बिजली बिल डिफाल्टरों के साथ अब किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जा रही है। बिजली निगम के मुख्य अभियंता नवीन वर्मा व अधीक्षण अभियंता जोगिदर सिंह हुड्डा के निर्देशों के बाद विशेष अभियान चलाया गया है। दिसंबर माह में सभी उपभोक्ताओं से डिफाल्टर राशि वसूली का अभियान चलेगा। जो उपभोक्ता बिल जमा नहीं कराएगा, उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा।